News1 India: नेशनल न्यूज़ चैनल न्यूज 1 इंडिया जल्द ही नए अंदाज में दर्शकों के बीच लौटने की तैयारी में है। चैनल के रीलॉन्च के लिए टीम तैयार की जा रही है, जिसमें टीवी न्यूज के कई जाने-पहचाने चेहरे शामिल हैं। खास बात ये है कि सिर्फ संपादकीय टीम ही नहीं, बल्कि कैमरा, पीसीआर, और प्रोमो जैसे विभागों में भी TV9 और आज तक जैसे बड़े न्यूज चैनलों में काम कर चुके अनुभवी लोगों को जिम्मेदारी दी गई है। इस टीम में विपिन चौबे मैनेजिंग एडिटर, शुभेंदु वर्मा आउटपुट हेड और साकेत झा डिप्टी आउटपुट एडिटर की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। तीनों के पास न्यूज इंडस्ट्री में काम करने का लंबा अनुभव है। 
विपिन चौबे को टीवी पत्रकारिता में दो दशक से ज्यादा का अनुभव है। वे एंकर और रिपोर्टर के तौर पर काम कर चुके हैं और दस से अधिक देशों में रिपोर्टिंग की है। प्रयागराज कुंभ से लेकर नेपाल की त्रासदी, जेन-जी आंदोलन और रूस-यूक्रेन युद्ध तक, उन्होंने कई बड़े घटनाक्रमों को कवर किया है।
देश और विदेश में रिपोर्टिंग के इस अनुभव के साथ उन्हें राष्ट्रीय मुद्दों, अंतरराष्ट्रीय घटनाओं और प्रदेश की पत्रकारिता की गहरी समझ है। अलग-अलग देशों में जाकर खबरें कवर करने से लेकर जमीनी स्तर पर बड़े घटनाक्रमों को समझने तक, उनका करियर रिपोर्टिंग के अलग-अलग आयामों से भरा है। अब न्यूज 1 इंडिया में मैनेजिंग एडिटर के तौर पर वे संपादकीय नेतृत्व की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। खबरों की समझ और रिपोर्टिंग के अनुभव के साथ उनकी भूमिका चैनल की संपादकीय दिशा तय करने में अहम होगी।
शुभेंदु वर्मा: दो दशक का अनुभव, बड़े न्यूज रूम्स में निभाईं अहम जिम्मेदारियां
शुभेंदु वर्मा को टीवी पत्रकारिता में दो दशक का अनुभव है। उन्होंने ETV, Zee News, India TV, Times Now Navbharat, और TV9 भारतवर्ष जैसे बड़े चैनलों में काम किया है। अपने करियर में उन्होंने न्यूजरूम में कई अहम जिम्मेदारियां निभाई हैं और आउटपुट से जुड़े कामकाज का बड़े स्तर पर अनुभव हासिल किया है।न्यूज 1 इंडिया में आउटपुट हेड के तौर पर वो खबरों की योजना, बुलेटिन और न्यूज रूम के संचालन की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। अलग-अलग संस्थानों में काम करने का उनका अनुभव चैनल की नई टीम को दिशा देने में कारगर होगा।
साकेत झा: करीब डेढ़ दशक का अनुभव, डिप्टी आउटपुट एडिटर की जिम्मेदारी
करीब डेढ़ दशक से पत्रकारिता में सक्रिय साकेत झा ABP News, नवभारत और TV9 भारतवर्ष समेत कई प्रमुख मीडिया संस्थानों में अलग-अलग पदों पर काम कर चुके हैं। खबरों की योजना, स्क्रिप्टिंग, कंटेंट और आउटपुट से जुड़े कामों का अनुभव रखने वाले साकेत झा अब न्यूज 1 इंडिया में डिप्टी आउटपुट एडिटर की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।
इस भूमिका में वो खबरों की योजना बनाने, आउटपुट टीम के साथ समन्वय और न्यूज प्रस्तुति से जुड़े कामकाज में योगदान दे रहे हैं।
कैमरा से प्रोमो तक, अनुभवी टीम तैयार
न्यूज 1 इंडिया की नई टीम में कैमरा हेड से लेकर प्रोमो हेड तक ऐसे लोग शामिल हैं, जो देश के जाने-माने न्यूज चैनलों में प्रमुख पद पर काम कर चुके हैं। अपने-अपने क्षेत्र में अनुभव रखने वाले इन पेशेवरों के साथ चैनल संपादकीय और प्रोडक्शन, दोनों स्तरों पर नई शुरुआत की तैयारी कर रहा है।





Users Today : 20
Users Yesterday : 272