शेयर बाजार में कंपनी के शेयरों की कीमत में हाल में आई गिरावट के बीच जी एंटरटेनमेंट एंटरप्राइजेज (ZEEL) ने 12 नवंबर 2026 को बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स की बैठक बुलाई है। इस बैठक में निवेशकों की चिंताओं और शेयरों में गिरावट को लेकर उनके विचारों पर चर्चा की जाएगी। साथ ही, निवेशकों का भरोसा मजबूत करने और लंबे समय में शेयरधारकों के लिए बेहतर मूल्य तैयार करने के उपायों पर भी विचार होगा।
कंपनी ने 6 नवंबर को शेयर बाजारों को दी जानकारी में बताया कि बोर्ड की बैठक में कई प्रस्तावों पर चर्चा की जाएगी। इनमें कंपनी के पूरी तरह चुकता इक्विटी शेयरों का बायबैक (Buyback) और अंतरिम डिविडेंड (Interim Dividend) देने का प्रस्ताव भी शामिल है। इनके अलावा, कंपनी और उसके शेयरधारकों के हित में कोई अन्य उपयुक्त कदम उठाने पर भी विचार किया जा सकता है।
हालांकि, कंपनी ने साफ किया है कि अभी इनमें से किसी भी प्रस्ताव पर कोई फैसला नहीं लिया गया है। इन पर अंतिम निर्णय 12 नवंबर को होने वाली बोर्ड बैठक में विचार और मंजूरी के बाद ही लिया जाएगा। बैठक के नतीजे की जानकारी कंपनी लागू नियमों के मुताबिक शेयर बाजारों को देगी।
कंपनी ने यह भी बताया कि सेबी के इनसाइडर ट्रेडिंग नियमों और कंपनी की आचार संहिता के तहत उसके नामित लोगों और उनके करीबी रिश्तेदारों के लिए शेयरों में कारोबार की विंडो बंद रहेगी। यह पाबंदी बोर्ड बैठक के नतीजे की घोषणा के 48 घंटे बाद तक लागू रहेगी।




Users Today : 263
Users Yesterday : 152