Home » आवाजाही » मिथिलेश कुमार टाइम्स नाउ नवभारत में संत कबीर नगर के जिला संवाददाता नियुक्त

मिथिलेश कुमार टाइम्स नाउ नवभारत में संत कबीर नगर के जिला संवाददाता नियुक्त

6 Views

लंबे संघर्ष, अनुभव और सशक्त लेखनी के दम पर पत्रकारिता जगत में बनाई अलग पहचान, प्रिंट से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया तक का सफर रहा शानदार; अब टाइम्स नाउ नवभारत के साथ शुरू की नई पारी

संतकबीरनगर। महान सूफी संत कबीरदास की निर्वाण स्थली और उनकी विचारधारा की पावन धरती संतकबीरनगर से निकलकर पत्रकारिता जगत में अपनी लेखनी, संघर्ष और कार्यशैली से अलग पहचान स्थापित करने वाले वरिष्ठ पत्रकार मिथिलेश कुमार धुरिया को एक नई और महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिली है। प्रतिष्ठित राष्ट्रीय न्यूज चैनल ‘टाइम्स नाउ नवभारत’ ने उन्हें संतकबीरनगर का जिला संवाददाता नियुक्त किया है। उनकी इस उपलब्धि से जिले के पत्रकारिता जगत में हर्ष का माहौल है। यह उपलब्धि उनके वर्षों के संघर्ष, अनुभव, समर्पण और पत्रकारिता के प्रति अटूट प्रतिबद्धता का परिणाम मानी जा रही है।
मिथिलेश कुमार धुरिया का पत्रकारिता सफर आसान नहीं रहा। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से की और शुरुआती दौर से ही अपनी प्रतिभा एवं मेहनत का परिचय दिया। प्रदेश की राजधानी लखनऊ में लंबे समय तक हिंदी पत्रकारिता के क्षेत्र में विभिन्न महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए उन्होंने समाचार लेखन, विपणन, वितरण और संपादकीय विभाग में काम करने का व्यापक अनुभव हासिल किया। पत्रकारिता की बारीकियों को करीब से समझते हुए उन्होंने हर जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा और दक्षता के साथ निभाया। प्रिंट मीडिया के क्षेत्र में वह अपने पिता के.के. निर्भीक के साथ कंधे से कंधा मिलाकर पत्रकारिता की जिम्मेदारियों को आगे बढ़ाते रहे। उनके पिता के.के. निर्भीक साप्ताहिक एवं मासिक समाचार पत्र-पत्रिकाओं तथा रिसर्च ब्यूरो के संपादक, प्रकाशक और मुद्रक हैं। पिता से मिले मार्गदर्शन और पत्रकारिता के संस्कारों ने उनके इस सफर को मजबूती प्रदान की।
प्रिंट मीडिया में अपनी पहचान बनाने के बाद मिथिलेश कुमार धुरिया ने इलेक्ट्रॉनिक मीडिया की दुनिया में कदम रखा। इस क्षेत्र में उनके गुरु एवं मार्गदर्शक बस्ती मंडल के वरिष्ठ पत्रकार राकेश गिरी रहे, जिन्होंने उन्हें इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया और मार्गदर्शन दिया। इसके बाद उन्होंने पीछे मुड़कर नहीं देखा और लगातार अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए विभिन्न प्रतिष्ठित न्यूज चैनलों एवं डिजिटल मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दीं।
अपने अब तक के पत्रकारिता सफर में वह हिंदी खबर, प्राइम न्यूज, न्यूज वर्ल्ड, रफ्तार मीडिया, के न्यूज, न्यूज 1 इंडिया, जनता टीवी, आईएनएच, पंजाब केसरी डिजिटल, एफएम न्यूज, इंडिया न्यूज, नेशन 27, यूपी की बात, डीवी 365 और आईएनएस सहित कई मीडिया संस्थानों से जुड़कर अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर चुके हैं। विभिन्न मीडिया संस्थानों में काम करने के दौरान उन्होंने समाचार संकलन, प्रस्तुतीकरण और जनसरोकार से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाने का अनुभव हासिल किया। यही व्यापक अनुभव आज उनकी पत्रकारिता की सबसे बड़ी ताकत बनकर सामने आया है।
वर्तमान समय में मिथिलेश कुमार धुरिया संतकबीरनगर के जर्नलिस्ट प्रेस क्लब में महामंत्री की जिम्मेदारी भी निभा रहे हैं। पत्रकारों के हितों, सम्मान और अधिकारों से जुड़े मुद्दों पर उनकी सक्रियता भी उनकी पहचान का महत्वपूर्ण हिस्सा है। अब ‘टाइम्स नाउ नवभारत’ जैसे प्रतिष्ठित राष्ट्रीय मीडिया संस्थान में जिला संवाददाता की जिम्मेदारी मिलने के बाद उनके पत्रकारिता सफर को एक नया आयाम मिला है।
उनकी इस उपलब्धि को लेकर पत्रकारिता जगत में इसे लंबे संघर्ष और निरंतर मेहनत का सम्मान माना जा रहा है। कबीर की धरती से निकलकर राष्ट्रीय मीडिया के मंच तक पहुंचना न केवल उनके व्यक्तिगत सफर की उपलब्धि है, बल्कि जिले के लिए भी गौरव का विषय है। नई जिम्मेदारी के साथ उनसे उम्मीद की जा रही है कि वह जनसमस्याओं, जनहित के मुद्दों, प्रशासनिक गतिविधियों और समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति की आवाज को मजबूती से राष्ट्रीय मंच तक पहुंचाएंगे। उनकी यह नई पारी निश्चित रूप से संतकबीरनगर की पत्रकारिता को एक नई पहचान देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हो सकती है।

media4samachar
Author: media4samachar

Live Cricket

Daily Astrology