उत्तराखंड के मीडिया जगत में इन दिनों बड़ी हलचल देखने को मिल रही है। दैनिक जागरण की हल्द्वानी यूनिट और रुद्रपुर ब्यूरो से कई वरिष्ठ पत्रकारों के एक साथ इस्तीफे और एक नए डिजिटल वेंचर की तैयारियों ने कुमाऊं मंडल के पत्रकारिता गलियारों में सरगर्मी तेज कर दी है। हल्द्वानी शहर के प्रमुख चौराहों और यूनीपोलों पर इस नए डिजिटल मीडिया वेंचर NKB के बड़े-बड़े होर्डिंग्स नजर आने लगे हैं, जिसमें टैगलाइन दी गई है—“खबर आपकी आवाज हमारी”।
दिग्गज पत्रकारों के इस्तीफे, NKB से जुड़ने की चर्चा
दैनिक जागरण में लंबे समय से सक्रिय भूमिका निभा रहे वरिष्ठ पत्रकार गणेश जोशी ने संस्थान से इस्तीफा देकर NKB की कमान संभाल ली है। इससे कुछ समय पहले वरिष्ठ पत्रकार संदीप मेवाड़ी भी जागरण को अलविदा कह चुके हैं। वहीं, रुद्रपुर ब्यूरो में ढाई दशक से अधिक समय तक सेवाएं देने वाले वरिष्ठ पत्रकार संदीप जुनेजा ने भी अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। कयास लगाए जा रहे हैं कि जुनेजा भी NKB की टीम का हिस्सा बन सकते हैं, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि होना अभी बाकी है। इनके अलावा यूनिट से जुड़े कुछ अन्य पत्रकारों के भी जल्द संस्थान छोड़ने की चर्चाएं जोरों पर हैं।
पूर्व संपादक आशुतोष सिंह से जुड़ रहे तार
इस पूरे घटनाक्रम को दैनिक जागरण, बरेली संस्करण के पूर्व संपादक आशुतोष सिंह से जोड़कर देखा जा रहा है। आशुतोष सिंह लंबे समय तक हल्द्वानी में संपादक के रूप में कार्यरत रहे हैं और क्षेत्र के पत्रकारों व नेटवर्क पर उनकी गहरी पकड़ मानी जाती है। चर्चा है कि वह अपने पुराने सहयोगियों के लगातार संपर्क में हैं और जागरण के अनुभवी पत्रकारों का NKB की ओर रुख करना मजबूत कोर टीम तैयार करने की रणनीति का हिस्सा है।
देवलचौड़ में कार्यालय तैयार, सीएम धामी से उद्घाटन की चर्चा
सूत्रों के अनुसार, NKB वेंचर का मुख्य कार्यालय हल्द्वानी के देवलचौड़ क्षेत्र में पूरी तरह तैयार हो चुका है। इसी महीने प्लेटफॉर्म की औपचारिक लॉन्चिंग की योजना है और चर्चा है कि इसका उद्घाटन प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के हाथों कराया जा सकता है, हालांकि इस संबंध में आधिकारिक घोषणा का इंतजार है।
प्रमुख मीडिया घरानों में मची हलचल
लॉन्चिंग से पहले ही NKB की आक्रामक तैयारियों और जागरण से बड़े नामों के टूटने के चलते मीडिया घरानों में बेचैनी बढ़ गई है। जागरण के अलावा अमर उजाला और हिंदुस्तान जैसे बड़े अखबार भी अब अपने अनुभवी संवाददाताओं व पत्रकारों को साधे रखने और टीम को बिखरने से बचाने की जुगत में जुट गए हैं। आने वाले दिनों में NKB की आधिकारिक लॉन्चिंग और पूरी टीम के सामने आने के बाद ही कुमाऊं मीडिया की नई तस्वीर साफ होगी।




Users Today : 184
Users Yesterday : 272