मुंबई: देश की प्रमुख मीडिया और एंटरटेनमेंट कंपनी ज़ी एंटरटेनमेंट एंटरप्राइजेज लिमिटेड (ZEEL) ने अपने ज़ी स्टूडियोज (Zee Studios) और फिल्म अधिग्रहण (Acquisition) कारोबार के नेतृत्व में एक बड़ा रणनीतिक बदलाव किया है। कंपनी ने एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री के जाने-माने विशेषज्ञ और ट्रेड एनालिस्ट कोमल नाहटा को अपने मूवीज बिजनेस का नया क्रिएटिव डायरेक्टर (Creative Director) नियुक्त किया है।
सीधे सीईओ को करेंगे रिपोर्ट, बदलेगा स्ट्रक्चर इस नई नियुक्ति के साथ ही ज़ी स्टूडियोज के वर्किंग स्ट्रक्चर में अहम बदलाव किया गया है। नई व्यवस्था के तहत ज़ी स्टूडियोज की पूरी टीम—जिसमें सूरज सिंह भी शामिल हैं—अब कोमल नाहटा को रिपोर्ट करेगी। वहीं, अपनी इस नई और अहम भूमिका में नाहटा सीधे कंपनी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) पुनीत गोयनका को रिपोर्ट करेंगे।
क्या होंगी नाहटा की जिम्मेदारियां? कोमल नाहटा अब सभी प्लेटफॉर्म्स पर फिल्मों से जुड़े व्यावसायिक (Commercial) और अधिग्रहण संबंधी अहम फैसलों का नेतृत्व करेंगे। उनका मुख्य फोकस हिंदी के साथ-साथ अन्य क्षेत्रीय भाषाओं की फिल्मों के कंटेंट चयन और उनके कमर्शियल वैल्यूएशन पर रहेगा, ताकि कंपनी के फिल्म पोर्टफोलियो को और अधिक मजबूत व लाभदायक बनाया जा सके।
क्रिएटिविटी और कमर्शियल डिसिप्लिन का होगा संगम: पुनीत गोयनका इस महत्वपूर्ण नियुक्ति पर ज़ी एंटरटेनमेंट के सीईओ पुनीत गोयनका ने कहा कि कंपनी अपने विकास लक्ष्यों की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रही है और इसके लिए कारोबार के प्रमुख हिस्सों को लगातार मजबूत करना जरूरी है।
गोयनका ने कहा, “हम विभिन्न प्लेटफॉर्म्स पर फिल्मों में किए गए निवेश का अधिकतम मूल्य हासिल करने के लिए ‘क्रिएटिव सोच’ और ‘कमर्शियल डिसिप्लिन’ को एक साथ ला रहे हैं। यह कदम अधिक स्पष्ट और प्रदर्शन-केंद्रित (Performance-Centric) ऑपरेटिंग स्ट्रक्चर बनाने की हमारी दीर्घकालिक प्रतिबद्धता को दर्शाता है।” उन्होंने आगे कहा कि फिल्मों के पूरे इकोसिस्टम की गहरी समझ और इंडस्ट्री में मजबूत नेटवर्क के कारण कोमल नाहटा अगले विकास चरण में टीमों का मार्गदर्शन करने के लिए सबसे उपयुक्त विकल्प हैं।
‘यह मेरे लिए घर वापसी जैसा है’- कोमल नाहटा अपनी इस नई पारी पर प्रतिक्रिया देते हुए कोमल नाहटा ने इसे एक भावुक क्षण और ‘घर वापसी’ करार दिया। उन्होंने कहा, “मैं लगभग एक दशक तक ज़ी के ईटीसी चैनल (Zee ETC) पर लोकप्रिय बॉलीवुड बिजनेस शो के होस्ट के रूप में जुड़ा रहा हूँ। ऐसे में यह नई जिम्मेदारी मेरे लिए घर लौटने जैसी ही है।” नाहटा ने आश्वस्त किया कि वह कंपनी के संस्थापक डॉ. सुभाष चंद्रा और सीईओ पुनीत गोयनका द्वारा जताए गए भरोसे और इस बड़ी जिम्मेदारी पर पूरी तरह से खरा उतरने का प्रयास करेंगे।



Users Today : 25
Users Yesterday : 162