हिंदी पत्रकारिता जगत के जाने-माने चेहरे और वरिष्ठ पत्रकार निरंजन दुबे ने अपनी नई व्यावसायिक यात्रा की शुरुआत कर दी है। ‘न्यूज18’ हिंदी में सीनियर एसोसिएट एडिटर के रूप में अपनी सेवाएं देने के बाद, अब उन्होंने प्रमुख मीडिया संस्थान IBC24 के साथ बतौर एग्जिक्यूटिव एडिटर कम डिजिटल हेड जुड़ गए हैं।
नई जिम्मेदारी और भूमिका
समाचार4मीडिया से हुई बातचीत में निरंजन दुबे ने साझा किया कि अपनी इस नई भूमिका के तहत वे IBC24 के डिजिटल विंग की कमान संभालेंगे। वे संस्थान के डिजिटल प्लेटफॉर्म्स, जिसमें मुख्य रूप से वेबसाइट, यूट्यूब चैनल्स और तमाम सोशल मीडिया हैंडल्स शामिल हैं, की पूरी जिम्मेदारी निभाएंगे और उनके संचालन व विकास को लीड करेंगे।
पत्रकारिता का दो दशकों से अधिक का सफर
मीडिया इंडस्ट्री में निरंजन दुबे के पास दो दशक से ज्यादा का लंबा तजुर्बा है, जिसमें से करीब 17 साल का अनुभव केवल डिजिटल मीडिया के क्षेत्र का है। मूल रूप से बिहार के रहने वाले और मध्य प्रदेश से अपनी स्कूली शिक्षा पूरी करने वाले निरंजन ने अपने करियर की शुरुआत प्रतिष्ठित अखबार ‘प्रभात खबर’ से की थी। इसके बाद वे ‘365 दिन TV’ से जुड़े।
डिजिटल पत्रकारिता में उन्होंने ‘NNI लाइव’ के जरिए कदम रखा। इसके बाद उनका सफर ‘दैनिक भास्कर डॉट कॉम’ (dainikbhaskar.com) के साथ शुरू हुआ, जहां उनका कार्यकाल साढ़े छह साल का रहा। भास्कर के बाद उन्होंने अलीबाबा ग्रुप के न्यूज एग्रीगेटर ‘UC News’ और टाइम्स इंटरनेट के ‘News Point’ में हिंदी एडिटर की जिम्मेदारी संभाली। इसके पश्चात वे न्यूज18 हिंदी से जुड़े, जहां उन्होंने ग्रोथ एडिटर के रूप में शुरुआत कर फीचर्स, वीडियो को-ऑर्डिनेटर, वेब स्टोरी सेक्शन और मध्य प्रदेश-छत्तीसगढ़ (MP-CG) के डिजिटल ऑपरेशंस के प्रमुख तक की अहम भूमिकाएं निभाईं।
दैनिक भास्कर में उल्लेखनीय उपलब्धियां
दैनिक भास्कर डॉट कॉम में अपने कार्यकाल के दौरान निरंजन दुबे ने कई बड़े मील के पत्थर हासिल किए। उन्होंने वहां ‘रिपोर्टिंग फ्रॉम डेस्क’ का नया सिस्टम स्थापित किया और फिल्म जगत से जुड़ी कई बड़ी खबरें ब्रेक कीं। मुख्यधारा के डिजिटल मीडिया में पहली बार भोजपुरी सिनेमा और इंडस्ट्री पर एक अलग और समर्पित न्यूज सेक्शन शुरू करने का श्रेय भी उन्हीं को जाता है।
अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने लेखक चेतन भगत, अभिनेता राहुल रॉय, दिनेश लाल यादव ‘निरहुआ’ और कुणाल सिंह जैसी कई दिग्गज हस्तियों के विशेष इंटरव्यू किए। उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन और योगदान के लिए उन्हें लगातार 3 साल तक ‘डायमंड एक्सीलेंस अवॉर्ड’ से सम्मानित किया गया। संस्थान में शानदार प्रदर्शन के दम पर उन्हें लगातार 3 बार प्रमोशन मिले और प्रबंधन की ओर से 2 बार विदेशी दौरों पर भी भेजा गया।





Users Today : 64
Users Yesterday : 201