इटावा के जसवंतनगर में CO के पद पर तैनात आयुषी सिंह और लखनऊ कमिश्नरेट में ACP के रूप में तैनात ऋषभ की सगाई लखनऊ के सुशांत गोल्फ सिटी स्थित एक रिसॉर्ट में बड़े ही धूमधाम और खुशनुमा माहौल में संपन्न हुई, जिसकी तस्वीरें अब सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रही हैं।
लखनऊ: वर्दी की ड्यूटी के बीच दो युवा PPS अफसरों की जिंदगी में प्यार भरा मोड़ आ गया है। इटावा के जसवंतनगर में CO के पद पर तैनात आयुषी सिंह और लखनऊ कमिश्नरेट में ACP के रूप में तैनात ऋषभ अब जीवनसाथी बनने की राह पर चल पड़े हैं। दोनों की सगाई लखनऊ के सुशांत गोल्फ सिटी स्थित एक रिसॉर्ट में बड़े ही धूमधाम और खुशनुमा माहौल में संपन्न हुई।
परिवार, रिश्तेदारों और करीबी दोस्तों की मौजूदगी में दोनों ने एक-दूसरे को अंगूठी पहनाई। इस दौरान पुलिस विभाग के कई अधिकारी भी पहुंचे और दोनों को आने वाली नई जिंदगी के लिए शुभकामनाएं दीं। वहीं अब दोनों की सगाई की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं। लोग कमेंट कर इस खाकी जोड़ी को बधाई दे रहे हैं।
ACP ऋषभ के बारे में जानिए
बता दें कि ACP ऋषभ मूल रूप से वाराणसी के निवासी हैं। उन्होंने कड़ी मेहनत और लगन से UPPSC 2022 की परीक्षा में 44वीं रैंक हासिल की और 2022 बैच के PPS अधिकारी बने। वर्तमान में वह राजधानी लखनऊ में सहायक पुलिस आयुक्त (ACP) के पद पर सेवाएं दे रहे हैं।
कौन हैं सीओ आयुषी सिंह?
वहीं सीओ आयुषी सिंह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद की रहने वाली हैं। उन्होंने भी UPPSC-2022 की परीक्षा में 62वीं रैंक हासिल की थी। वह भी 2022 बैच की PPS अधिकारी हैं और वर्तमान में इटावा के जसवंतनगर में क्षेत्राधिकारी (CO) के पद पर तैनात हैं। जानकारी के मुताबिक, दिल्ली विश्वविद्यालय से पढ़ाई पूरी करने के बाद आयुषी ने सिविल सेवा की तैयारी शुरू की थी। पहले प्रयास में उन्हें सफलता नहीं मिली, लेकिन उन्होंने हिम्मत नहीं हारी और मेहनत जारी रखी और अप्रैल 2023 में घोषित UPPSC-2022 के परिणाम में उनका चयन डिप्टी एसपी के पद पर हो गया। एक ही बैच के इन दोनों अधिकारियों की जोड़ी अब सोशल मीडिया और पुलिस महकमे में खूब चर्चा में है।
परिजनों ने क्या कहा?
परिजनों ने बताया कि सगाई की रस्म पूरी होने के बाद अब दोनों परिवारों में शादी की तैयारियां जोर-शोर से शुरू हो गई हैं। अगले महीने दिसंबर में दोनों अधिकारी विवाह के बंधन में बंध जाएंगे। हालांकि शादी की तारीख अभी सार्वजनिक नहीं की गई है। दोनों अधिकारियों को इस नई शुरुआत के लिए पुलिस विभाग के सहकर्मियों और शुभचिंतकों ने बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।



Users Today : 201
Users Yesterday : 463