नोएडा: नोएडा के चर्चित न्यूज़ चैनल ‘लाइव टाइम्स’ (Live Times) से इस्तीफा देकर बाहर आईं एंकर वैष्णो सोनी ने संस्थान की कार्यप्रणाली और मानव संसाधन (HR) विभाग के रवैये पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। उनका आरोप है कि नौकरी छोड़ने के बाद से उन्हें अपनी ही मेहनत के पैसे यानी अक्टूबर महीने की सैलरी और फुल एंड फाइनल (F&F) सेटलमेंट के लिए भारी मानसिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
फरवरी 2026 में हुई थी ज्वाइनिंग, अक्टूबर में हुआ इस्तीफा
वैष्णो सोनी फरवरी 2026 में लाइव टाइम्स के आउटपुट विभाग में एंकर के तौर पर शामिल हुई थीं। उनके मुताबिक, अक्टूबर के मध्य में उनका इस्तीफा तत्काल प्रभाव से स्वीकार कर लिया गया था और उनका नोटिस पीरियड भी माफ कर दिया गया था। संस्थान छोड़ने के बाद उन्हें उम्मीद थी कि तय समय पर उनका हिसाब-किताब पूरा हो जाएगा, लेकिन इसके विपरीत उन्हें HR और प्रबंधन के चक्कर काटने पड़ रहे हैं।
वैष्णो ने संस्थान के वित्तीय और HR विभाग पर गणना में धांधली का आरोप लगाया है:
गलत PF कटौती: HR द्वारा भेजे गए F&F सेटलमेंट स्टेटमेंट में PF (प्रोविडेंट फंड) कटौती की एक एंट्री दिखाई गई, जबकि वैष्णो का कहना है कि उनके पूरे कार्यकाल के दौरान सैलरी से ऐसी कोई नियमित कटौती नहीं हुई थी। बाद में HR ने ईमेल के जरिए स्वीकार किया कि यह गलती से दर्ज हो गया था। एंकर का सवाल है कि कर्मचारी के पैसों से जुड़ी इतनी बड़ी लापरवाही की जवाबदेही किसकी है?
सैलरी कैलकुलेशन का बदला आधार: जब वैष्णो ने वेतन की गणना पर सवाल उठाए, तो HR ने 31 दिनों वाले महीने के आधार पर सैलरी कैलकुलेट करने की बात कही। जबकि उनका दावा है कि पूरे कार्यकाल के दौरान हर महीने सैलरी 30 दिनों के आधार पर ही कैलकुलेट होती रही थी। केवल F&F के वक्त गणना का आधार बदलना कई बड़े सवाल खड़े करता है।
लंबी चयन प्रक्रिया बनाम छोड़ने पर गैर-जिम्मेदारी
संस्थान की चयन प्रक्रिया पर कटाक्ष करते हुए वैष्णो ने बताया कि नौकरी देते समय उनसे तमाम दस्तावेज मांगे गए और उनका इंटरव्यू 4 से 5 घंटे तक चला, मानो किसी प्रतिष्ठित सरकारी सेवा के लिए चयन हो रहा हो। उनका सवाल है कि जब कर्मचारी को जोड़ने के लिए इतनी लंबी और सख्त प्रक्रिया अपनाई जाती है, तो नौकरी छोड़ने के बाद उसका वेतन, अनुभव पत्र (Experience Letter) और रिलीविंग लेटर समय पर देना संस्थान की जिम्मेदारी क्यों नहीं बनता? उन्हें इन कागजातों के लिए भी लगातार कॉल्स और मैसेजेस करने पड़े।
HR का गैर-पेशेवर रवैया और फोन नंबर ब्लॉक करना
वैष्णो का आरोप है कि HR विभाग के अधिकारी मुकेश राणा ने उनका फोन नंबर ब्लॉक कर दिया है, जिससे वे अपने बकाये के सिलसिले में संपर्क तक नहीं कर पा रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि संस्थान का रवैया ऐसा रहता है मानो कर्मचारी को नौकरी देकर उस पर कोई ‘एहसान’ किया जा रहा हो, जबकि नौकरी कर्मचारी की मेहनत और पेशेवर अनुबंध का हिस्सा है।
उन्होंने यह भी जिक्र किया कि खराब मौसम (बारिश) के दौरान भी दफ्तर पहुंचने के लिए भारी दबाव बनाया जाता है और इसे ‘प्रोफेशनलिज्म’ कहा जाता है; तो क्या कर्मचारियों को समय पर उनका वैध भुगतान देना उसी प्रोफेशनलिज्म का हिस्सा नहीं है?
नाइट शिफ्ट का दबाव और युवाओं को सलाह
एंकर ने नाइट शिफ्ट की व्यवस्था पर भी नाराजगी जताई है। उनका आरोप है कि कर्मचारियों की सहमति और परिस्थितियों की परवाह किए बिना उन पर नाइट शिफ्ट थोपी जाती है। अन्य मीडिया प्रोफेशनल्स और नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं से अपील करते हुए उन्होंने कहा कि किसी भी संस्थान से जुड़ने से पहले वहां के कार्य-वातावरण, HR की जवाबदेही और कर्मचारियों के अधिकारों की पूरी जानकारी जरूर लेनी चाहिए।
श्रम विभाग जाने की चेतावनी
वैष्णो सोनी ने HR को ईमेल भेजकर ‘कोड ऑन वेजेज, 2019’ की धारा 17(2) का हवाला दिया है और अपना बकाया भुगतान जल्द से जल्द करने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही उनका सेटलमेंट नहीं किया गया, तो वे उपलब्ध ईमेल, मैसेज और कॉल रिकॉर्डिंग के आधार पर श्रम विभाग में औपचारिक शिकायत दर्ज कराएंगी और कानूनी कार्रवाई करेंगी।
यह पूरा मामला केवल एक कर्मचारी के बकाया वेतन का नहीं, बल्कि मीडिया संस्थानों में काम करने वाले पत्रकारों के अधिकारों, सुरक्षा और HR की जवाबदेही पर भी एक बड़ा प्रश्नचिह्न लगाता है।




Users Today : 61
Users Yesterday : 296